
उदित वाणी,जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घाटशिला कॉलेज में “जाने अपने जिला प्रशासक” कार्यक्रम के तहत एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने विद्यार्थियों से “भविष्य की चुनौतियां और सफलता” विषय पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज प्रबंधन द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सफलता के लिए इच्छाशक्ति और मेहनत जरूरी
संवाद के दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश, मध्यमवर्गीय परिवार या सीमित संसाधन सफलता की राह में बाधा नहीं बनते। उन्होंने कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति, ईमानदारी और निरंतर मेहनत के बल पर कोई भी व्यक्ति अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने छात्रों को सकारात्मक सोच बनाए रखने, अपनी रुचि के अनुसार स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और लगातार प्रयास करते रहने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने चुनौतियों को अवसर के रूप में देखने का संदेश दिया।
जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान
उपायुक्त ने विद्यार्थियों से परिवार, समाज और देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि समाज के प्रति योगदान भी होना चाहिए।
कार्यक्रम में छात्रों की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने सवाल और विचार साझा किए, जिनका उपायुक्त ने अपने अनुभवों के आधार पर जवाब दिया। इस संवाद से छात्रों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जीवन के लक्ष्यों को लेकर नई दिशा मिली।
उत्कृष्ट छात्रों का सम्मान और पौधारोपण
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उपायुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से कॉलेज परिसर में पौधारोपण भी किया गया।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चन्द्र, प्राचार्य डॉ. आरके चौधरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी यूनिका शर्मा, विद्युत प्रमंडल घाटशिला के कार्यपालक अभियंता, जिला परिषद सदस्य सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

