
उदित वाणी , जमशेदपुर: आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल एवं जमशेदपुर ब्लड सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आज एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. महज 1 घंटे के इस अल्पकालिक शिविर में मानवता की सेवा का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए 10 यूनिट रक्तदान किया गया. साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 20 पौधों का वितरण भी किया गया.
सेवा के चार प्रकार और रक्तदान का महत्व
शिविर के दौरान सुनील आनंद ने जीवन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मनुष्य का समय बहुमूल्य है और इसे सकारात्मक कार्यों में लगाना चाहिए. उन्होंने सेवा के चार आध्यात्मिक प्रकारों का वर्णन किया:
शूद्रोचित सेवा: अपने भौतिक शरीर के माध्यम से शारीरिक सेवा करना (जैसे रक्तदान और चिकित्सा सेवा).
क्षत्रियोचित सेवा: दुर्बलों की सहायता और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना.
वैश्योचित सेवा: निर्धनों को भोजन कराना और आर्तजनों की आर्थिक या भौतिक सहायता करना.
विप्रोचित सेवा: नैतिक शिक्षा, आदर्शों का प्रचार और धर्म का प्रसार करना.
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी प्रकार की सेवाओं का महत्व समान है और रक्तदान ‘शूद्रोचित सेवा’ की श्रेणी में आता है, जो शारीरिक रूप से मानवता की सबसे बड़ी सेवा है.
निष्काम कर्म: ‘ईश्वर कोटि’ के मनुष्य
सुनील आनंद ने भगवान कृष्ण के कर्म योग का उल्लेख करते हुए कहा कि बिना किसी फल की आशा के किया गया कार्य ही ‘निष्काम कर्म’ है. उन्होंने निस्वार्थ भाव से रक्तदान करने वाले दाताओं को ‘ईश्वर कोटि का मनुष्य’ बताया. उनके अनुसार, ये रक्तदाता बिना किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के परम पुरुष की संतानों के कष्ट निवारण के लिए अपना रक्त दान करते हैं, जिसमें स्वयं भगवान साक्षी रहते हैं.
रक्तदाताओं का सम्मान
शिविर में उपस्थित डॉ. रीता, राकेश कुमार और पवन कुमार ने सभी रक्तदाताओं के जज्बे की सराहना की. समाज और पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी को देखते हुए सभी दाताओं को पौधा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सेवा भाव से जोड़ना और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना रहा.

