
उदित वाणी आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं. ताज़ा मामला सालडीह बस्ती क्षेत्र (ईएसआई अस्पताल के पास) का है, जहां मंगलवार सुबह लगभग 6:55 बजे अज्ञात बदमाशों ने भाजपा नेता सपन कुमार दास के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर आस_पास के क्षेत्र में दहशत फैला दी. घटना के समय सपन दास और उनके घर के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे.
सपन कुमार दास श्रीश्री जन्माष्टमी पूजा समिति, अग्रदूत संघ के संस्थापक हैं. और क्षेत्र के प्रतिष्ठित एवं प्रभावशाली व्यक्तियों में उनकी पहचान है.
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
फायरिंग की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दो बदमाश मौके पर पहुंचते हैं और खिड़की की ओर तीन राउंड फायरिंग कर देते हैं. इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं. बताया जा रहा है कि एक अन्य युवक स्कूटी पर सवार होकर उनका इंतजार कर रहा था.
दो खोखा बरामद, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद घर में किराये पर रह रहे लोगों ने मकान मालिक सपन दास को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया गया. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
हालांकि घटना का कारण अब_तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फायरिंग करने वाले आरोपी स्थानीय बताए जा रहे हैं. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल आदित्यपुर थाना क्षेत्र में लगातार घटित हो रही घटनाओं ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. गौरतलब है कि आदित्यपुर चुनाभट्टा स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक्स में हुए गोलीकांड का अब तक खुलासा नहीं हो सका है. ऐसे में एक के बाद एक सामने आ रही घटनाएं पुलिस की सक्रियता पर सवालिया निशान लगा रही हैं.
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

