
उदित वाणी, जमशेदपुर : रामनवमी पर्व को लेकर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर उत्पाद विभाग द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो.
बाबूडीह क्षेत्र में छापेमारी
गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बाबूडीह लाल भट्ठा हो बस्ती क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान एक मकान एवं झोपड़ी से 10 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी मात्रा लगभग 90 लीटर बताई जा रही है.
अभियुक्त फरार, गिरफ्तारी के प्रयास जारी
छापेमारी के दौरान टीम को देखकर अभियुक्त मौके से फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है. मामले में झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.
अवैध शराब के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा सख्त निगरानी रखी जा रही है और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

