
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है. डिमना रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास की गई छापेमारी में एक ऑटो से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई. कार्रवाई के दौरान ऑटो की तलाशी लेने पर कुल 264 बोतल अवैध शराब मिली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है.
इस मामले में ऑटो चालक अभिमन्यु कुमार को गिरफ्तार किया गया है, जो शंकोसाईं रोड नंबर-1 का निवासी है. अधिकारियों के मुताबिक, उत्पाद विभाग को पहले से ही गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में ऑटो के माध्यम से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है. सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर संदिग्ध ऑटो की पहचान की और मौके पर ही उसे रोककर जांच शुरू की.
तलाशी के दौरान शराब मिलने के बाद चालक को तत्काल हिरासत में लिया गया. पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया है. विभाग ने संकेत दिया है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है और आगे भी ऐसे अभियान तेज किए जाएंगे.

