
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में 11 दिसंबर को मानगो निवासी नन्दलाल के साथ हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है. मामले की जानकारी देते हुए जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशिश ने बताया कि घटना टाटानगर स्टेशन से मानगो लौटने के दौरान हुई थी, जब पीड़ित ऑटो में सवार होकर अपने घर जा रहे थे.
सिटी एसपी के अनुसार, नन्दलाल टाटानगर स्टेशन से एक ऑटो में बैठे थे. जैसे ही ऑटो बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोतीलाल नेहरू स्कूल के समीप एक सुनसान और खाली स्थान पर पहुंचा, ऑटो चालक ने वाहन रोक दिया. इसी दौरान चालक और उसके एक अन्य साथी ने नन्दलाल को चाकू का भय दिखाकर उनसे मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद लूट लिए. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद पीड़ित नन्दलाल ने बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान शुरू किया. तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना में संलिप्त दोनों आरोपियों—शेख सुलेमान और सरफराज अंसारी—को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूट गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, वहीं घटना में प्रयुक्त ऑटो को भी जब्त किया गया है. पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनसे आगे की पूछताछ में अन्य घटनाओं से जुड़े सुराग भी मिल सकते हैं.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है. सिटी एसपी कुमार शिवाशिश ने आम लोगों से अपील की है कि देर रात या सुनसान इलाकों में सफर करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.

