
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोदी पार्क के समीप गुरुवार शाम एक कार का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर सड़क के बीच लगी लोहे की रेलिंग (डिवाइडर) से जा टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि कार का दाहिने तरफ का एक्सल टूट गया. हालांकि, कार में सवार दो लोग बाल-बाल बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनारी कागलनगर निवासी आकाश कार चला रहे थे. वे साकची से अपने घर सोनारी की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान अचानक कार का टायर ब्लास्ट हो गया, जिससे वाहन पर उनका नियंत्रण नहीं रह सका. देखते ही देखते कार डिवाइडर से जा भिड़ी. हादसे में कार के साथ-साथ सड़क किनारे लगी रेलिंग को भी नुकसान पहुंचा है.
दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए उस मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा, जिससे वाहनों की कतार लग गई. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य की गई.
पुलिस ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर टायर फटने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है. पुलिस ने वाहन चालकों से नियमित रूप से वाहन की तकनीकी जांच कराने और सावधानीपूर्वक ड्राइविंग करने की अपील की है.

