
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना पुलिस ने विश्वकर्मा इंजीनियरिंग में 10 नवंबर को हुई दस लाख रुपये और मोबाइल लूट कांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्त में आए आरोपियों में अजीत बेहरा और बाबू सरदार उर्फ़ नेपु शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से 1.23 लाख रुपये नकद, एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, एक स्कूटी, हेलमेट और लूट की रकम से खरीदा गया एक मोबाइल बरामद किया है.
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घटना का मास्टरमाइंड अजीत बेहरा है, जो घटना वाले प्रतिष्ठान—विश्वकर्मा इंजीनियरिंग—में ही कार्यरत था. अजीत का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी. पुलिस ने अजीत सहित उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
एसपी ने बताया कि आरोपियों द्वारा प्रारंभिक पूछताछ में 10.25 लाख की लूट से इनकार किया गया है. उनके अनुसार लूट की राशि करीब साढ़े चार लाख रुपये के आसपास है, जिसमें से 1.23 लाख रुपये की बरामदी हो चुकी है. फरार दोनों आरोपियों के पास शेष रकम होने की संभावना है, जिसके लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस का मानना है कि घटनास्थल, समय और कंपनी की गतिविधियों की पूरी जानकारी अजीत बेहरा को होने के कारण लूट की योजना को अंजाम देना अपराधियों के लिए आसान हो गया. दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की उम्मीद जताई गई है.

