
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना अंतर्गत जमको क्षेत्र के भगत सिंह चौक पर शनिवार दोपहर एक युवक को बैटरी चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया. जानकारी के अनुसार, युवक एक खड़ी टाटा 407 वाहन की बैटरी निकालने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया.
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने युवक के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई. लोगों का कहना है कि जमको इलाके में इस तरह की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आमजन में असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है.
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके.

