
उदित वाणी, गुवा : बड़ाजामदा थाना क्षेत्र के बड़ाजामदा बाजार स्थित बड़बिल जाने वाले टर्निंग पॉइंट पर शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे एक हाईवा और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उस पर सवार चालक तथा पीछे बैठे युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक का एक पैर टूट गया, जबकि पीछे बैठा युवक छटककर दूर जा गिरा.

सूचना मिलते ही बड़ाजामदा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत नोवामुंड़ी के टिस्को अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब हाईवा गाड़ी गिट्टी लोड कर बड़ाजामदा से बड़बिल की ओर टर्निंग पर मुड़ रही थी, इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल हाईवा से जा भिड़ी.
हाईवा चालक की सतर्कता के चलते उसने तुरंत ब्रेक लगा दिया, जिससे मोटरसाइकिल सवारों की जान बच गई. यदि समय रहते ब्रेक नहीं लगाया जाता तो दोनों युवक हाईवा के पहियों के नीचे आ सकते थे. पुलिस ने हाईवा को जब्त कर थाने ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. घटना को लेकर इलाके में काफी चर्चा है और लोग पुलिस की तत्परता की सराहना कर रहे हैं.

