
उदित वाणी, जमशेदपुर : बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत मटिहाना पंचायत के कोटशोल गांव में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. गांव के लोगों उस समय स्तब्ध रह गए, जब एक किशोरी का शव घर के पास स्थित पेड़ से लटकता हुआ पाया गया. मृतका की पहचान गुलाब मांडी की 17 वर्षीय पुत्री जोवा मांडी के रूप में हुई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोवा मांडी ने घर के समीप एक पेड़ पर अपने दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली. सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों की नजर पेड़ की ओर पड़ी तो उन्होंने किशोरी का शव लटकता देखा. इसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों के बीच कोहराम मच गया. मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है.

घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया.
फिलहाल किशोरी द्वारा यह खौफनाक कदम उठाने के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है. न तो घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है और न ही परिजनों ने किसी स्पष्ट वजह की जानकारी दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. परिजनों, ग्रामीणों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस दुखद घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.

