
उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया. हैरानी की बात यह रही कि जिस व्यक्ति ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी, वही इस पूरे प्रकरण का मास्टरमाइंड निकला. पुलिस ने शिकायतकर्ता वकार अहमद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. उसके पास से सोने का एक चेन, चार कानबाली और एक सोने की अंगूठी सहित कुल 1.50 लाख रुपये मूल्य के गहने बरामद किए गए हैं.
घटना बागान शाही रोड नंबर-7 निवासी वकार अहमद के घर में 22 की रात कथित तौर पर चोरी होने की शिकायत से शुरू हुई थी. शिकायत मिलने के बाद सिटी एसपी के निर्देश पर पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तुरंत तकनीकी और मानवीय खुफिया दोनों माध्यमों से जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस को कई बिंदुओं पर संदेह हुआ. इसके बाद वकार अहमद को संरक्षण में लेकर गहन पूछताछ की गई. पूछताछ के दबाव में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. आरोपी ने बताया कि उसके घर की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी, जिसके कारण वह मानसिक तनाव में था. इसी कारण उसने अपने ही घर में चोरी की झूठी कहानी रचकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की.
उसने बताया कि घटना की रात जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, तब उसने खुद ही अलमारी के गहने निकाल लिए और घर में सामान अस्त-व्यस्त कर दिया, ताकि वास्तविक चोरी जैसा माहौल बन सके. इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई.
पुलिस ने कहा कि ऐसे मामलों में तथ्य छिपाना और जांच को गुमराह करना गंभीर अपराध है. फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

