
उदित वाणी, कोलाबीरा : आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग पर गम्हरिया थाना अंतर्गत सालडीह मोड़ के पास बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तेज रफ्तार स्कूटी ने सड़क पार कर रहे दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार दो युवक और एक अन्य राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गए.
सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की. घायलों को त्वरित उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है.
मृतक वृद्ध की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है. पुलिस उनके पहचान के प्रयास में लगी हुई है तथा परिजनों की तलाश जारी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र में आक्रोश की स्थिति बनी हुई है.
पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है और स्कूटी सवार युवकों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.

