उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (टीएसएएफ) ने अपनी महिला रोइंग टीम स्टील ओअर्स का आधिकारिक टीम किट लांच कर दिया. यह टीम आगामी अस्मिता नेशनल वीमेन्स रोइंग लीग में भाग लेगी. लांच समारोह में टाटा स्टील के वाइस प्रेसीडेंट (कॉर्पोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदरा रामम मुख्य अतिथि रहे, जबकि कपिल मोदी, मैनेजिंग डायरेक्टर, जेकेपीसीपीएल, गेस्ट ऑफ ऑनर रहे. टाटा स्टील के चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी सहित जेकेपीसीपीएल और टाटा स्टील स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी इस मौके पर उपस्थित थे. जेकेपीसीपीएल, टीएसएएफ रोइंग अकादमी का आधिकारिक पार्टनर है.
कंपनी के निरंतर समर्थन से क्षेत्र में रोइंग खेल का तेजी से विकास हो रहा है और युवा खिलाड़ियों को मजबूत मंच मिल रहा है. समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने टीएसएएफ रोइंग अकादमी की निरंतर प्रगति की सराहना की और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया.‘स्टील ओअर्स’ किट के लॉन्च के साथ फाउंडेशन का उद्देश्य जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारना, महिला खेल को बढ़ावा देना और जमशेदपुर व देश का नाम रोशन करना है.
हालिया उपलब्धियां
टीएसएएफ, रोइंग अकादमी ने हाल ही में नेशनल इंडोर रोइंग चैंपियनशिप 2026 में 4 राष्ट्रीय पदक जीते थे, जो अकादमी की पहली बड़ी राष्ट्रीय सफलता है. अब ‘स्टील ओअर्स’ के रूप में यह टीम नेशनल वीमेन्स रोइंग लीग में उतरेगी.
स्टील ओअर्स टीम की खासियत
टीएसएएफ रोइंग अकादमी की 18 महिला एथलीट्स लीग में शामिल हैं. इनमें से 11 एथलीट्स सीधे ‘स्टील ओअर्स’ टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी. पूरी टीम महिला खिलाड़ियों की है, जो महिलाओं के खेल को बढ़ावा देने के प्रति टीएसएएफ की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
अंडर-15 स्टील ओअर्स टीम:
श्रेया कुमारी – सिंगल स्कल
मुस्कान सिंह, मीमांशा – डबल स्कल
आदिति यादव, अव्या शुक्ला – कॉक्सलेस पेयर
चित्रा, शिवानी, गौरी, कोमल – फोर्स
रिजर्व: उत्कर्षा, प्रिंस


