
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों की एक अहम बैठक गुरुवार को चमरिया गेस्ट हाउस में हुई, जिसमें आगामी 13 दिसंबर को होने वाली आम सभा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया. उल्लेखनीय है कि यूनियन के संविधान संशोधन की मंजूरी के लिए इस आम सभा को बुलाई गई है.
बैठक में यूनियन अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने यूनियन के सभी कमेटी मेंबरों को अपने विभाग के यूनियन सदस्यों के साथ सभा स्थल पर आने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश होनी चाहिए कि इस आमसभा में ज्यादा से ज्यादा सदस्य आए और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें.
अध्यक्ष ने कहा कि यूनियन के सारे पदाधिकारी पहले से ही आम सभा स्थल पर रहेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि आम सभा स्थल पर आने वाले कर्मचारियों को कोई दिक्कत नहीं हो. इस बैठक में यूनियन अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी के अलावा डिप्टी प्रेसीडेंट शैलेश कुमार सिंह, महामंत्री सतीश कुमार सिंह, वरीय उपाध्यक्ष डॉ.शाहनवाज आलम, संजीव तिवारी, आमोद दूबे, नीतेश राज, श्याम बाबू, राजीव चौधरी, संजय कुमार सिंह और अजय चौधरी मौजूद थे.

