
उदित वाणी, चाईबासा : सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में जिला शिक्षा पदाधिकारी, पश्चिमी सिंहभूम ने दो व्यापारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. यह प्राथमिकी 7 अगस्त को मुफस्सिल थाना में दर्ज की गई.
घटना का विवरण
जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो के अनुसार, 2 अगस्त 2025 को गांधी टोला, चाईबासा के ‘जोहार इंटरप्राइजेज’ के चंदन कुमार और स्टेशन कॉलोनी, झींकपानी के ‘साईं इंटरप्राइजेज’ के गोविंद शर्मा बिना अनुमति उनके कार्यालय में घुस आए. उस समय निविदा प्रक्रिया चल रही थी. दोनों ने अन्य वेंडरों की मौजूदगी में टेंडर कार्य में बाधा डाली.
आरोप और आचरण
शिकायत में कहा गया है कि दोनों ने कार्यालय में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया और धमकी भी दी. इस व्यवहार से सरकारी कार्य प्रभावित हुआ.
व्यापारियों की पृष्ठभूमि
जानकारी के अनुसार, चंदन कुमार सदर बाजार में ‘विद्या पुस्तक मंदिर’ नाम से किताब की दुकान चलाते हैं और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में खाद्यान्न आपूर्ति का कार्य भी करते हैं. माना जा रहा है कि निविदा से जुड़े स्वार्थ के कारण ही यह विवाद उत्पन्न हुआ.
विवाद का संदर्भ
घटना के दिन यानी 2 अगस्त को कस्तूरबा विद्यालयों की निविदा का निष्पादन चल रहा था. सूत्रों के अनुसार, इसी प्रक्रिया के दौरान विवाद हुआ और मामला थाने तक पहुंच गया.

