उदित वाणी पाकुड़: पाकुड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर एक अज्ञात हत्याकांड का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए पत्थर को भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 को लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के बड़ा चटकम जंगल में एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव की स्थिति खराब होने के कारण उसकी पहचान करना प्रारंभिक जांच में चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
एसआईटी ने मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के साथ वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान सुनील पहाड़िया (35 वर्ष), निवासी राजाभीटा, थाना सुंदरपहाड़ी, जिला गोड्डा के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने लगातार छापेमारी अभियान चलाया और मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए हत्या में शामिल दो आरोपियों जलिया पहाड़िया एवं धर्मी पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले के सफल उद्भेदन में एसडीपीओ पाकुड़ के नेतृत्व में गठित एसआईटी, लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस तथा सिमलोंग ओपी पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


