
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर की पुलिस को कैरव गांधी अपहरण कांड के अनुसंधान के क्रम में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. लगातार की जा रही छापेमारी और सघन पुलिस दबाव के चलते अपहरणकर्ताओं को पीछे हटना पड़ा और उन्होंने पीड़ित कैरव गांधी को सकुशल छोड़ दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल कैरव को सुरक्षित बरामद किया, बल्कि उनके परिजनों को भी बड़ी राहत दिलाई है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अनुसंधान के दौरान जमशेदपुर पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि लगातार दबाव और छापेमारी से घबराए अपहरणकर्ता कैरव को किसी अन्य सुरक्षित ठिकाने पर स्थानांतरित करने की योजना बना रहे हैं. इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई की गई. संभावित मार्गों की पहचान कर विशेष पुलिस टीमों को सतर्क किया गया और विभिन्न स्थानों पर तैनाती बढ़ा दी गई.
इसी दौरान अपहरणकर्ताओं पर पुलिस का दबाव लगातार बढ़ता गया. चारों ओर से घिरने और रंगे हाथ पकड़े जाने की आशंका के चलते अपहरणकर्ता अपना इरादा बदलने को मजबूर हो गए. पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए उन्होंने जीटी रोड पर चौपारण–बरही खंड के बीच रास्ते में ही कैरव गांधी को छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कैरव को सकुशल बरामद किया. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि कैरव शारीरिक रूप से सुरक्षित हैं. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पूरी सुरक्षा के बीच अपने संरक्षण में लिया. इसके बाद कैरव के परिजनों को सूचना दी गई, जिनके आग्रह पर पुलिस ने उन्हें सुरक्षित रूप से उनके आवास तक पहुंचाया.
कैरव की सकुशल बरामदगी के बाद उनके परिजनों ने जमशेदपुर पुलिस का आभार जताया और राहत की सांस ली. इस पूरे घटनाक्रम ने यह साबित कर दिया कि पुलिस की सतर्कता, त्वरित निर्णय और निरंतर दबाव से संगठित अपराधियों को भी पीछे हटने पर मजबूर किया जा सकता है.
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी है. इस मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास तेज कर दिया गया है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपहरण कांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है और जैसे-जैसे अनुसंधान आगे बढ़ेगा, उससे संबंधित जानकारी यथासमय सार्वजनिक की जाएगी. जमशेदपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

