
उदित वाणी, जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर हाता मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक एक हाइवा से टकरा गई. इस भीषण टक्कर में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक काफी तेज गति में थी और पीछे से सड़क पर खड़े या धीमी रफ्तार से चल रहे हाइवा में जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए.
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है.
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और वाहन के नंबर के आधार पर चालक की तलाश तेज कर दी गई है. थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.
हादसे के कारण कुछ देर तक हाता मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने जल्द सामान्य कराया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई और नियमित जांच की मांग की है.

