
उदित वाणी, जमशेदपुर : आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया है. मुख्य समारोह गोपाल मैदान में आयोजित होगा, जिसे देखते हुए शहर में सुरक्षा और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.
प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार 26 जनवरी की सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. इस दौरान ट्रक, ट्रेलर, हाइवा समेत अन्य भारी वाहनों को शहर की सीमा में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. हालांकि, यह प्रतिबंध यात्री बसों पर लागू नहीं होगा, ताकि आम जनता को आने-जाने में परेशानी न हो.
नये ट्रैफिक नियमों के तहत स्पष्ट किया गया है कि सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक कोई भी भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेगा. इस अवधि में भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने या शहर के बाहर निर्धारित स्थानों पर रुकने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी यात्रा की योजना बना लें.
शनिवार को इस संबंध में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, एसएसपी पीयूष पांडेय और ट्रैफिक डीएसपी ने संयुक्त रूप से निर्देश जारी किया. अधिकारियों ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान शहर में बड़ी संख्या में आम नागरिक, स्कूली बच्चे और गणमान्य अतिथि शामिल होंगे, ऐसे में ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.
प्रशासन ने यह भी बताया कि समारोह स्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल और ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी. संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर डायवर्जन लागू किया जाएगा. आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से भारी वाहनों के साथ शहर में प्रवेश करने से बचें, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके.

