
उदित वाणी, गुवा : 26वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कमांडेंट राजीव रंजन के निर्देश पर ए/26 बटालियन ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा वन क्षेत्र स्थित घोर नक्सल प्रभावित तोयबो गांव में सिविक एक्शन प्रोग्राम आयोजित किया. कार्यक्रम का नेतृत्व कंपनी कमांडर निरीक्षक/जीडी अमरेश सिंह ने किया.
इस अवसर पर गांव के जरूरतमंद ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को दैनिक जीवन, शिक्षा, कृषि एवं खेलकूद से जुड़ी सामग्रियां वितरित की गईं. बच्चों के पढ़ाई को प्रोत्साहन देने के लिए स्कूल बैग, कॉपी, ज्योमेट्री बॉक्स, पेंसिल, रबर और ब्लू बॉल पेन दिए गए. ठंड से बचाव हेतु कंबल, रात के उपयोग के लिए सोलर लालटेन तथा छाता वितरित किए गए.
ग्रामीणों की घरेलू जरूरतों के लिए पतीला (डेगचा) और कृषि को बढ़ावा देने हेतु मक्का, करेला, उड़द, हरी सेम व टमाटर के बीज दिए गए. युवाओं में खेल भावना जगाने के लिए फुटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल नेट, वॉलीबॉल नेट, क्रिकेट बैट एवं क्रिकेट बॉल प्रदान की गई.
कार्यक्रम में निरीक्षक अमरेश सिंह के साथ उप निरीक्षक/जीडी सुरेंद्र कुमार काची, गांव के मुंडा बाली सकड़ी बोदरा तथा राज्य पुलिस के सहायक उप निरीक्षक जूलियस इक्का उपस्थित रहे. ग्रामीणों ने बढ़चढ़कर भाग लिया और सीआरपीएफ के इन जनकल्याणकारी प्रयासों की सराहना की.

