
उदित वाणी, कोडरमा : मरकच्चो थाना क्षेत्र में 24 घंटे से लापता बच्चे का शव झाड़ियों में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. ग्रामीणों ने आक्रोश में बरीयारडीह-मरकच्चो मार्ग जाम कर दिया.
हत्या या अन्य कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम से
थाना प्रभारी नंदकिशोर तिवारी ने बताया कि परिजनों के आवेदन पर लापता बच्चे की तलाश जारी थी. शव मिलने के बाद हर पहलू से जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस सभी संभावनाओं की पड़ताल कर रही है.
ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन
शव मिलने की खबर पर आक्रोशित ग्रामीणों ने राजारायडीह के पास मुख्य मार्ग अवरुद्ध कर दिया. वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. ग्रामीण त्वरित जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
प्रशासन समझाने में जुटा
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करने का प्रयास कर रहे हैं. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा.

