
उदित वाणी, जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र के सुंदरनगर रेलवे फाटक के पास 11 जनवरी को हुई भीषण सड़क दुर्घटना में घायल दोनों बाइक सवारों की इलाज के दौरान मौत हो गई है. इस हादसे ने एक बार फिर जमशेदपुर में बढ़ते सड़क हादसों और तेज रफ्तार वाहनों की समस्या को उजागर कर दिया है.
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी निवासी मोहम्मद अरबाज को पहले एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे रांची के रिम्स रेफर कर दिया. रिम्स में इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई. अरबाज की मां राबिया के आवेदन पर सुंदरनगर थाने में अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. शनिवार को पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों को खंगाल रही है.
परिजनों ने बताया कि हादसे में घायल दूसरे बाइक सवार की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी है. उसकी पहचान ओडिशा के मयूरभंज जिले के बड़ासिया गांव निवासी नरसिंह हेंब्रम के रूप में हुई है. दुर्घटना के बाद उसके परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए ओडिशा ले गए थे और मयूरभंज के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया.
बताया जाता है कि यह दुर्घटना दो तेज रफ्तार बाइकों के आमने-सामने टकराने से हुई थी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दोनों की जान नहीं बच सकी.
गौरतलब है कि जमशेदपुर में सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है. शहर की सड़कों पर वाहन चालक अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते नजर आते हैं. वर्ष 2011 में ट्रैफिक पुलिस ने स्पीड लिमिट लागू करने की योजना बनाई थी, जिस पर जिला प्रशासन स्तर पर कई बैठकें भी हुई थीं, लेकिन यह योजना कागजों में ही सिमट कर रह गई. यदि इसे समय रहते जमीन पर उतारा गया होता, तो शायद ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सकता था.

