
उदित वाणी, रांची : लापता भाई-बहन अंश और अंशिका को लेकर मचल रही खलबली थम गई. पुलिस को गुप्त सूचना मिलने पर रामगढ़ जिले के चितरपुर इलाके से दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया. बच्चों के मिलने की खुशखबरी से परिजनों और पूरे इलाके में राहत की लहर दौड़ गई.
रांची एसपी स्वयं बच्चों को लेने रामगढ़ रवाना हो चुके हैं. स्थानीय पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की है और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक पूछताछ में इनकी संलिप्तता सामने आई है. गहन जांच से पता चलेगा कि बच्चों को वहां कैसे ले जाया गया और इसके पीछे क्या मंसूबे थे.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं. मेडिकल जांच और औपचारिकताओं के बाद उन्हें शीघ्र परिजनों को सौंप दिया जाएगा. अधिकारियों ने बताया कि जांच जारी है और दोषियों पर कानूनी शिकंजा कसा जाएगा. पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ी विपत्ति टल गई.

