
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो रोड नंबर-10 ज़ाकिरनगर में कबीरिया स्कूल के समीप सोमवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक घर में अचानक आग लग गई. यह मकान मोहम्मद अजीम का बताया जा रहा है. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में रखा कीमती सामान जलकर राख हो गया. आग की चपेट में एयर कंडीशनर, फ्रिज, फर्नीचर सहित कई घरेलू वस्तुएं आ गईं, जिससे परिवार को भारी नुकसान हुआ है.
घटना के समय घर में मौजूद एक महिला आग में झुलस गई. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाला. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि महिला का इलाज जारी है.
स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया. मोहल्ले के लोगों ने बिना देर किए बाल्टी, पाइप और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. घटना के दौरान दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच पाई, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है. पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं. इस घटना ने घनी आबादी वाले इलाकों में बिजली व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर दमकल पहुंचती तो नुकसान और कम हो सकता था.

