
उदित वाणी, गुवा : सेल गुवा माइंस ने नानक नगर जाटाहाटिंग व आसपास के अनाधिकृत कब्जेदारों के खिलाफ बेदखली कार्रवाई शुरू कर दी. स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित नोटिस के अनुरूप चली इस कार्रवाई में अंचल अधिकारी (सीओ) नोवामुंडी मनोज कुमार को मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया. मौके पर स्टेट विभाग के महाप्रबंधक (जीएम), 50 पुलिसकर्मी, सीआईएसएफ जवान व निजी सुरक्षाकर्मी तैनात रहे. माइकिंग व अन्य उपकरण भी उपलब्ध कराए गए.

स्थानीयों ने उठाई आवंटन सूची व सर्वे की मांग
कार्रवाई की सूचना पर जाटाहाटिंग के करीब 200 पुरुष, महिलाएं व बच्चे इकट्ठा होकर विरोध करने लगे. रोहित सिंह, दारा ठाकुर समेत लोगों ने शिकायत की कि सेल प्रबंधन ने सभी को आवंटन सूची में शामिल नहीं किया. आवंटित आवास छोटे आकार के हैं. उन्होंने पूरे क्षेत्र का पुनः सर्वेक्षण कराने की मांग की. जीएम (स्टेट) ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन की सूची के आधार पर ही आवास दिए जा रहे हैं. स्वेच्छा से कोई नहीं हट रहा, इसलिए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई जरूरी है.
आगे की कार्रवाई डीसी निर्देशों पर
स्थानीयों की बातें सुनने के बाद मजिस्ट्रेट मनोज कुमार ने सभी मांगें लिखित रूप में संबंधित अधिकारियों को सौंपने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के निर्देशों पर होगी.

