
उदित वाणी, चतरा : चतरा शहर के कठौतिया इलाके में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. एक नाले से करीब 5 माह की मासूम बच्ची का शव बरामद हुआ. इस क्रूर कृत्य से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए.
लोगों ने तत्काल सदर थाने को सूचना दी. एसडीपीओ संदीप सुमन और थाना प्रभारी विपिन कुमार ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और सदर अस्पताल भेज दिया. प्रारंभिक जांच में शव नवजात बालिका का पाया गया.
पुलिस ने शुरू की गहन जांच
एसडीपीओ संदीप सुमन ने कहा, “यह घृणित और शर्मनाक घटना है. दोषी को चिन्हित कर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.” उन्होंने जोर देकर कहा कि यह केवल एक मां का कृत्य नहीं, बल्कि समाज की विकृत मानसिकता को दर्शाता है. कठौतिया तालाब का नाला आज मासूम की मौत के साथ हमारी संवेदनाओं की भी कहानी बयां कर रहा है.
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगारने शुरू कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई है. समाज से अपील की गई है कि ऐसी घटनाओं की सूचना पुलिस को दें.

