
उदित वाणी, रांची : झारखंड सशस्त्र पुलिस-1 (JAP-1) का 146वां स्थापना दिवस सोमवार को डोरंडा स्थित मुख्यालय में बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया. समारोह में झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई.
इसके बाद परिसर में आयोजित आकर्षक परेड का निरीक्षण डीजीपी तदाशा मिश्रा ने किया. चार प्लाटूनों के जवानों ने शानदार परेड प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया. परेड के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें जवानों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में “आनंद मेला” का भी उद्घाटन किया गया, जो स्थापना दिवस के उत्सव का मुख्य आकर्षण रहा.
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने समारोह में अपने संबोधन में कहा कि JAP-1 का गौरवशाली इतिहास रहा है. इस वाहिनी ने प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध से लेकर विभिन्न राष्ट्रीय मिशनों तक में विशेष योगदान दिया है. उन्होंने कहा कि झारखंड सशस्त्र पुलिस-1 राज्य की सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ है और आज इसका 146वां स्थापना दिवस मना पाना गर्व का क्षण है.
उन्होंने जवानों की उत्कृष्ट सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि परेड बेहद शानदार रही. उन्होंने घोषणा की कि जवानों के रिवॉर्ड और कल्याण के लिए अलग व्यवस्था की जाएगी. साथ ही, वाहिनी में रिक्त पदों की शीघ्र भरती और आवासीय क्वार्टर की व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है.
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सेवानिवृत्त कर्मी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. पूरे आयोजन स्थल में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा.

