
उदित वाणी, आदित्यपुर : महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कार्यक्रम समाप्त होने के बावजूद आदित्यपुर थाना रोड के दैनिक फुटपाथी और सब्जी विक्रेताओं को दुकान लगाने की अनुमति नहीं मिली है, जिस कारण दैनिक फुटपाथी और सब्जी विक्रेता काफी परेशान हैं. और उनमें स्थानीय प्रशासन के प्रति नाराजगी व्याप्त है.
महामहिम राष्ट्रपति का दौरा समाप्त होने के बावजूद प्रशासन द्वारा अब_तक उन्हें दुकानें लगाने की अनुमति नहीं दी गई है. स्थानीय दैनिक फुटपाथी व सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि झारखंड का बड़ा पर्व टुसू पर्व शीघ्र हीं शुरु होने वाला है. और इसके लिए उन्होंने लगभग एक माह पूर्व ही आवश्यक सामान की बुकिंग कर ली थी. परन्तु दुकानें लगाने पर लगी रोक की वजह से दुकानों पर रोक के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है.
उल्लेखनीय है कि आदित्यपुर थाना रोड पर दूर-दराज के गांवों से गरीब सब्जी विक्रेता अपनी सब्जियां बेचने के लिए यहां आते हैं. अगर उन्हें दुकानें लगाने की अनुमति नहीं दी गई, तो पर्व के दौरान वे अपने बच्चों के लिए नए कपड़े और मिठाइयां तक नहीं खरीद पाएंगे. उन्होंने स्थानीय प्रशासन के उपर भेदभाव बरतने का भी आरोप लगाया तथा कहा कि थाना रोड में महामाया होटल से लेकर केडिया पेट्रोल पंप तक सब्जी विक्रेताओं को दुकानें लगाने की अनुमति दी जा रही है.
परन्तु केडिया पेट्रोल पंप से लेकर आदित्यपुर थाना तक दुकानें लगाने पर पूर्णतः रोक लगा दी गई है. अब सवाल है कि अगर दुकानें लगाने की अनुमति दी जाती है, तो थाना रोड में सभी लोगों को अनुमति दी जानी चाहिए. अन्यथा थाना रोड से संपूर्ण रुप से सभी दुकानों को हटाया जाना चाहिए. क्योंकि कई ऐसे दुकानदार हैं, जो कि विगत 20-25 वर्षों से इसी स्थान पर दुकानें लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं और अब दुकान बंद रहने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया.
उन्होंने प्रशासन से टुसू पर्व को ध्यान में रखते हुए कम से कम अस्थायी रूप से दुकानों को लगाने की अनुमति देने की मांग भी की अथवा उनके लिए दुकान लगाने की वैकल्पिक व्यवस्था करने का अनुरोध किया है, ताकि गरीब और छोटे व्यवसायी अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें.

