
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2023 बैच के अधिकारी अर्नव मिश्रा ने शुक्रवार को धालभूम अनुमंडल के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया.
पद संभालने के बाद नवपदस्थापित एसडीओ ने जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर उपायुक्त ने अर्नव मिश्रा को उनके नए दायित्व के लिए बधाई देते हुए प्रशासनिक कार्यों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनहित पर केंद्रित निर्णय लेने की सलाह दी.
उपायुक्त ने विशेष रूप से जनसुविधा से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन, कानून-व्यवस्था के सुदृढ़ रख-रखाव तथा अनुमंडल क्षेत्र में प्रशासन की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने पर बल दिया.
नवपदस्थापित एसडीओ अर्नव मिश्रा से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में नई ऊर्जा आने की उम्मीद की जा रही है. प्रशासनिक हलकों में भी उनके कार्यकाल को लेकर सकारात्मक उम्मीदें व्यक्त की जा रही हैं.

