
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना अंतर्गत क्वार्टर नंबर ए/585 कोयला ताल रोड के पास रहने वाला 32 वर्षीय युवक मोंटी नाग 28 दिसंबर की देर रात से लापता है. बताया गया कि मोंटी नाग रात करीब 11:30 बजे से 2:00 बजे के बीच अचानक घर से बिना किसी को कुछ बताए निकल गया. परिजनों को जब सुबह उसकी अनुपस्थिति का पता चला तो उन्होंने काफी खोजबीन की, परंतु कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद परिजनों ने तत्काल सोनारी थाना पुलिस को सूचना दी.
परिजनों के अनुसार, मोंटी नाग दिमागी तौर पर कमजोर है और अक्सर घर से बाहर नहीं निकलता था. अचानक बिना बताए घर से निकल जाना परिवार के लिए चिंता का विषय बन गया है. परिजनों ने आशंका जताई है कि मानसिक कमजोरी के कारण वह रास्ता भटक सकता है और किसी अनजान जगह पहुंच गया होगा.
सूचना मिलते ही सोनारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोंटी नाग की तलाश शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, साथ ही पूरे जमशेदपुर के सभी थानों को सूचित कर दिया गया है. रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार क्षेत्र और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी मोंटी की तलाश की जा रही है.
थाना प्रभारी ने कहा—
“मामले की जानकारी सभी थानों में प्रसारित की जा चुकी है. पुलिस टीम हर संभव दिशा में जांच कर रही है. हमें उम्मीद है कि जल्द ही मोंटी नाग को खोज लिया जाएगा.”
पुलिस ने क्षेत्रवासियों से भी अपील की है कि अगर किसी को मोंटी नाग दिखाई दे या उसके संबंध में कोई सूचना मिले तो तुरंत सोनारी थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन को जानकारी दें.

