
राज्य के हर नौजवान को आत्मनिर्भर बनाने का सरकार का प्रयास, पारदर्शी नियुक्तियों पर मुख्यमंत्री का जोर
उदित वाणी, रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CGL)-2023 के तहत विभिन्न पदों पर चयनित 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया. राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं की मेहनत अब रंग ला रही है. उन्होंने नव नियुक्त अभ्यर्थियों से आह्वान किया कि जिस समर्पण और संघर्ष से उन्होंने यह सफलता अर्जित की है, उसी निष्ठा और कार्यशैली से राज्य को नई दिशा दें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीजीएल परीक्षा में अनेक अड़चनें आईं लेकिन सरकार ने पारदर्शिता और न्याय के रास्ते पर डटे रहकर इन्हें सफलतापूर्वक पूरा किया. “इरादे नेक हों तो सफलता जरूर मिलती है,” उन्होंने कहा. मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि अब वे न केवल अपने परिवार बल्कि राज्य के विकास में हिस्सेदार बन चुके हैं.
सीएम ने स्पष्ट किया कि सरकार ने नियोजन प्रक्रियाओं में ईमानदारी बरती है और किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. “जो कोई भी नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ करेगा, उसे जेल भेजा जाएगा,” उन्होंने चेतावनी दी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नियुक्तियों का सिलसिला लगातार जारी रहेगा. पिछले एक वर्ष में लगभग दस हजार युवाओं को रोजगार का अवसर मिला है, जबकि 2019 से अब तक लाखों को नौकरियाँ दी जा चुकी हैं. पहली बार कृषि पदाधिकारी, मेडिकल ऑफिसर, शिक्षक और स्वास्थ्य कर्मियों की बड़े पैमाने पर बहाली हुई है.
उन्होंने कहा कि सरकार कर्मियों के हितों और सुरक्षा को लेकर भी गंभीर है. बैंकों के साथ समझौते के तहत स्थायी और अनुबंध दोनों तरह के कर्मचारियों को दुर्घटना की स्थिति में एक करोड़ रुपये तक की सहायता मिलेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि “आपकी कार्यशैली से ही सरकार की छवि बनती है, इसलिए हर कर्मचारी राज्य के विकास का प्रतिनिधि है.”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हमारी सरकार गरीब, किसान, मजदूर, आदिवासी, दलित, महिला और नौजवान – हर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए संकल्पित है. “समय सबका बदलता है, इसलिए एक-दूसरे का सम्मान करें,” उन्होंने कहा. उन्होंने मइया सम्मान योजना व अन्य योजनाओं के माध्यम से महिलाओं और जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों का उल्लेख किया.
कार्यक्रम में कई अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया. कोडरमा के अनिल रजक ने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद यह सफलता उनके जीवन का सबसे बड़ा दिन है. वहीं रांची की निशा तिग्गा और कविता पहाड़िया ने परीक्षा की पारदर्शिता और मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की.
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मंत्री राधा कृष्ण किशोर, दीपक बिरुवा, संजय प्रसाद यादव, शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन, सबिता महतो, राजेश कच्छप, सुखराम उरांव, सुरेश कुमार बैठा, जीगा सुशारण होरो, संजीव सरदार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे.

