
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के पटेलनगर रोड नंबर-4 स्थित क्वार्टर नंबर-14 में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात हुई है. लाफार्ज कंपनी में ठेकाकर्मी के रूप में कार्यरत कृष्णा प्रसाद के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकद रुपये समेत लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. घटना की जानकारी बुधवार तड़के करीब चार बजे मिली, जब उनकी पत्नी तीसरे तल्ला से नीचे उतरीं और घर का ताला टूटा देखा.
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात कृष्णा प्रसाद अपने भाई योगेंद्र प्रसाद और दोनों परिवारों के सदस्यों के साथ दूसरे तल्ला पर एक साथ सो रहे थे. इसी दौरान चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पहले तल्ला में स्थित कृष्णा प्रसाद के घर को निशाना बनाया. चोरों ने घर के सभी कमरों को खंगालने के साथ ही अलमीरा का लॉकर तोड़कर उसमें रखे नकद रुपये और सोने-चांदी के जेवरात निकाल लिए. चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई जा रही है.
घटना का पता तब चला जब सुबह करीब चार बजे कृष्णा प्रसाद की पत्नी नीचे उतरी. उन्होंने मेन गेट का ताला टूटा देखा और शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए. पूरे घर में अव्यवस्था देख सभी स्तब्ध रह गए. तत्काल इसकी सूचना गोविंदपुर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई.
पुलिस ने घर का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू की है. पीड़ित कृष्णा प्रसाद के बयान पर गोविंदपुर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. वहीं, कृष्णा के भाई योगेंद्र प्रसाद, जो टाटा मोटर्स में ठेकाकर्मी हैं, ने बताया कि रात में परिवार के सभी सदस्य एक साथ सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया.
पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.

