
उदित वाणी, जमशेदपुर : चोरी के जेवर खरीदने के आरोप में गिरफ्तार बड़ा गम्हरिया दुर्गा मैदान निवासी और अनन्या ज्वेलर्स के संचालक सुनील कुमार प्रसाद को न्यायालय से जमानत मिल गई है. मंगलवार को प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया.
उल्लेखनीय है कि न्यू बाराद्वारी थाना क्षेत्र के स्टेट माइल रोड निवासी अमित सोलंकी के घर में गत सात दिसंबर को चोरी की बड़ी घटना हुई थी. अज्ञात चोरों ने घर की अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब बीस लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात, जिनमें कंगन और अन्य आभूषण शामिल थे, चोरी कर लिए थे. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले धीरज तंतुबाई को गिरफ्तार किया था. पूछताछ में उसकी निशानदेही पर बड़ा गम्हरिया स्थित अनन्या ज्वेलर्स के मालिक सुनील कुमार प्रसाद को चोरी का जेवर खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से एक हार बरामद किया गया था, जिसे चोर ने कथित तौर पर 70 हजार रुपये में बेचा था.
न्यायालय में आरोपी सुनील कुमार प्रसाद की ओर से अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू और अधिवक्ता बबिता जैन ने पक्ष रखा. बचाव पक्ष ने दलील दी कि उक्त हार को आरोपी ने खरीदा नहीं था, बल्कि बंधक के रूप में रखा था. साथ ही यह भी कहा गया कि पुलिस द्वारा न तो आरोपी ज्वेलर्स की विधिवत पहचान कराई गई और न ही बरामद हार की पहचान प्रक्रिया पूरी की गई. बचाव पक्ष ने यह भी तर्क दिया कि आरोपी की उम्र लगभग 60 वर्ष है और उसके विरुद्ध पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है. अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (छह) नमिता चंद्र के न्यायालय ने अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलों को सुनने के बाद आरोपी को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया.

