
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ ने व्यापारियों के बीच छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की समस्या को देखते हुए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बिसटुपुर शाखा के सहयोग से अपने सदस्यों के बीच पाँच लाख रुपये मूल्य के दो, पाँच, दस और बीस रुपये के सिक्कों का वितरण किया.
इस अवसर पर चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि व्यापारियों से लगातार यह शिकायतें मिल रही थीं कि बाजार में छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की कमी के कारण रोजमर्रा के लेन-देन में कठिनाइयाँ हो रही हैं. इस समस्या के समाधान के लिए चैम्बर ने पिछले एक माह से लगातार रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया, मुंबई व पटना के कार्यालयों तथा स्थानीय बैंकों से संपर्क बनाए रखा.
उन्होंने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए पाँच लाख रुपये मूल्य के सिक्के उपलब्ध कराए, जिन्हें आज चैम्बर सदस्यों के बीच वितरित किया गया. उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के प्रति आभार जताते हुए कहा कि भविष्य में भी व्यापारियों की सुविधा के लिए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे.
अध्यक्ष ने बताया कि सिक्का वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने में चैम्बर सचिव भरत मकानी की अहम भूमिका रही, जिन्होंने बैंक से इतनी बड़ी राशि के सिक्कों को संग्रह कर सुरक्षित रूप से चैम्बर तक पहुँचाने की व्यवस्था की.
सिक्का वितरण कार्यक्रम में मानद महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी), हर्ष बाकरेवाल, सचिव अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा (लिपु) और कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया का विशेष योगदान रहा.

