
उदित वाणी, जमशेदपुर : संयुक्त ग्राम सामान्य समिति के बैनर तले सलगांझरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार को लोकल ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व क्षेत्रवासी शामिल हुए, जो अपनी लंबे समय से चली आ रही समस्या को लेकर एकजुट दिखे.
धरना को संबोधित करते हुए समिति सदस्यों ने कहा कि सलगांझरी व आसपास के गांवों में गरीब व मेहनतकश लोगों की बड़ी आबादी है, जिन्हें रोजगार, शिक्षा व चिकित्सा के लिए जमशेदपुर जैसे शहरों में आना-जाना पड़ता है. लोकल ट्रेनों के ठहराव बंद होने से समय पर काम पहुंचना, बच्चों का स्कूल-कॉलेज जाना व मरीजों का इलाज कराना कठिन हो गया है. स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, शेल्टर, बिजली व पानी जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद कुछ महीनों पहले ठहराव अचानक बंद कर दिया गया.
समिति ने रेलवे प्रशासन से जनहित में तत्काल ठहराव बहाल करने की मांग की तथा चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा. धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है.

