
उदित वाणी, जमशेदपुर : लौहनगरी में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर के बीच जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने शुक्रवार को बर्मामाइंस मंडल के कई क्षेत्रों में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया. जरूरतमंदों के बीच कंबल बांटकर उन्होंने एक बार फिर मानवीय सरोकार का परिचय दिया.
विधायक साहू ने बर्मामाइंस हरिजन बस्ती, वीर बिरसागढ़ और चूना भट्टा क्षेत्रों में सैकड़ों गरीब एवं असहाय लोगों को कंबल प्रदान किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि भीषण ठंड गरीबों और असहाय लोगों के लिए सबसे बड़ी चुनौती होती है. ऐसे में कोई भी व्यक्ति ठंड में खुद को असहाय या असुरक्षित महसूस न करे, यही हमारी कोशिश है.

उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुंचाने की यह सेवा अभियान आगे भी जारी रहेगा. साथ ही, विधायक ने लोगों से ठंड के मौसम में विशेष सावधानी बरतने और बच्चों तथा बुजुर्गों की सेहत का ध्यान रखने की अपील की.
इस मौके पर भाजपा बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा सहित पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. लोगों ने विधायक पूर्णिमा साहू की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जनसेवा कार्य ठंड में राहत प्रदान करने वाले साबित होंगे.

