
उदित वाणी, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है. मनोहरपुर थाना क्षेत्र के गिडुंग गांव में शुक्रवार देर रात एक जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत हो गई. मृतक की पहचान गिडुंग गांव निवासी लक्ष्मण देवगन के रूप में की गई है.
ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब दस बजे लक्ष्मण देवगन अपने घर के आंगन में अलाव ताप रहे थे. इसी दौरान जंगल की ओर से अचानक एक जंगली हाथी गांव में घुस आया और उन पर हमला कर दिया. हाथी ने उन्हें पटक-पटक कर कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीण भयभीत होकर अपने घरों में दुबक गए. मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है.
स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि लगातार हाथियों की आवाजाही के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे.

