
उदित वाणी, गुवा : स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के गुवा अयस्क खान के संपदा विभाग ने रेलवे परियोजना को गति देने के उद्देश्य से नानकनगर, ढीपासाई, जाटा हाटिंग, डीवीसी एवं स्टेशन कॉलोनी क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने हेतु 18 दिसंबर 2025 को निष्कासन नोटिस जारी किया है.
अतिक्रमण के कारण रेलवे परियोजना स्थल का कार्य विलंबित हो रहा था, इसलिए संबंधित निवासियों से आवंटित आवासों में स्थानांतरित होकर अतिक्रमण हटाने का आग्रह किया गया है. सेल द्वारा बिरसा नगर-II में कुल 184 आवासों का निर्माण किया गया है, जिनमें से 75 आवंटन पत्र अब तक जारी हो चुके हैं.
प्रभावित परिवारों को वैध पहचान के साथ नए आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो पुनर्वास की दिशा में सराहनीय कदम है. संपदा विभाग के महाप्रबंधक के अनुसार मामला अब प्रधानमंत्री पोर्टल पर निगरानी में है और उपायुक्त चाईबासा से भी सहयोग मांगा गया है. इससे पूर्व तीन बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं.

