
उदित वाणी, सरायकेला : अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने मंगलवार को अंचल कार्यालय नीमडीह का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण एवं भूमि से संबंधित प्रशासनिक प्रक्रियाओं की बारीकी से समीक्षा की. इसके बाद अंचल कर्मियों के साथ बैठक कर भूमि संबंधी मामलों की अद्यतन स्थिति पर विस्तृत चर्चा की.
बैठक में भूमि से जुड़े विभिन्न प्रकरणों पर प्राप्त आवेदनों की प्रगति रिपोर्ट ली गई. अपर उपायुक्त ने सभी लंबित मामलों के त्वरित और समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि भूमि मामलों में पारदर्शिता, नियमसम्मत कार्रवाई और समय-सीमा का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
निरीक्षण के क्रम में अपर उपायुक्त ने कुतूँगा एवं हकासारा गांव स्थित सरकारी भूमि का स्थलीय निरीक्षण भी किया. उन्होंने सरकारी जमीन के संरक्षण, अतिक्रमण की रोकथाम एवं अभिलेखों के अद्यतन संधारण को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. साथ ही सरकारी भूमि की वर्तमान स्थिति एवं उपयोग की समीक्षा की गई.
अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने आगे गोल्ड माइंस क्षेत्र का भ्रमण कर वहां अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों का जायजा लिया. उन्होंने कार्यरत श्रमिकों के बीमा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी ली और निर्देश दिया कि श्रमिक सुरक्षा से संबंधित सभी निर्धारित मानकों एवं बीमा प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए. गोल्ड माइंस क्षेत्र स्थित मुख्य प्रशासनिक भवन की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित विभाग को भवन की शीघ्र मरम्मत के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
औचक निरीक्षण के दौरान अपर उपायुक्त के साथ अंचल अधिकारी, नीमडीह अभय कुमार द्विवेदी सहित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं अंचल कर्मी मौजूद रहे.

