
उदित वाणी, जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत केपीएस रोड स्थित टाटा स्टील के क्वार्टर नंबर 56 में चोरों ने दीवार फांदकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने क्वार्टर में घुसकर ग्रील का ताला तोड़ा और अलमीरा में रखे करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के जेवरात समेत 12 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए. चोरी की यह घटना मंगलवार की शाम सात से आठ बजे के बीच की बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार उक्त क्वार्टर टाटा स्टीलकर्मी रामचंद्र दास का है. रामचंद्र दास वर्तमान में कदमा में अपने परिवार के साथ रहते हैं. बर्मामाइंस स्थित क्वार्टर में उनके पिता और फुआ रहती थीं. मंगलवार की शाम दोनों क्वार्टर में ताला बंद कर पास के ही क्वार्टर नंबर 54 में छोटे बेटे हेमंत दास के घर टीवी देखने चली गई थीं. इसी दौरान खाली पड़े क्वार्टर का फायदा उठाकर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया.
बताया जा रहा है कि चोर पीछे की ओर से दीवार फांदकर क्वार्टर के अंदर दाखिल हुए. इसके बाद उन्होंने ग्रील का ताला तोड़ा और सीधे अलमीरा तक पहुंच गए. अलमीरा में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेटने के बाद चोर मौके से फरार हो गए.
शाम में जब पिता और फुआ वापस लौटीं तो उन्होंने क्वार्टर का ताला टूटा देखा. अंदर जाकर देखा तो अलमीरा खुली पड़ी थी और सामान बिखरा हुआ था. इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और बर्मामाइंस थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा.

