
उदित वाणी, जमशेदपुर : पुलिस ने जुगसलाई थाना क्षेत्र के डीकोस्टा रोड स्थित मैडोना कॉम्प्लेक्स में हुए फ्लैट चोरी कांड का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, नकदी तथा चोरी में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है. सभी आरोपी कदमा और सोनारी थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
मालूम हो कि मैडोना कॉम्प्लेक्स निवासी प्रवीण गोयल ने 6 दिसंबर को जुगसलाई थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके फ्लैट का ताला काटकर जेवरात और नकदी की चोरी कर ली है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया, जिसमें सीसीआर डीएसपी एवं लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी को भी शामिल किया गया.
जांच के क्रम में पुलिस ने कदमा थाना क्षेत्र के 10 नंबर सरस्वती पथ, उलियान निवासी शिवा महानंद तथा उलियान स्थित उपहार अपार्टमेंट निवासी विजय प्रसाद को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मैडोना कॉम्प्लेक्स में हुई चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त ब्लू-ब्लैक रंग की होंडा कंपनी की बाइक और चोरी किए गए जेवरात बरामद किए.
पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी के कुछ जेवरात उन्होंने सोनारी नया लाइन बी-ब्लॉक निवासी राहुल वर्मा को बेच दिए थे. इसके बाद पुलिस ने राहुल वर्मा के कदमा स्थित आभूषण दुकान से चोरी के जेवरात बरामद कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया.
इसके अलावा आरोपियों ने सोनारी आदर्शनगर फेज-4 में दिनदहाड़े हुई एक अन्य चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की. इस मामले में भी सोने-चांदी के जेवरात चोरी हुए थे. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर धतकीडीह क्षेत्र से करीब 390 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए हैं. इस कांड में शामिल एक अन्य आरोपी प्रदीप प्रसाद को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस सभी आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.

