
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली गौसनगर शाही कॉलोनी रोड नंबर-9 में बीती रात चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. यह घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है. चोरों ने दीवार फांदकर घर के अंदर प्रवेश किया और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया.
पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना के समय घर के सभी सदस्य चांडिल कीटाडीह उरुस में शामिल होने गए हुए थे. घर में केवल अख्तर अली मौजूद थे, जो रात में सो रहे थे. अख्तर अली ने बताया कि रात करीब 12 बजे के बाद उन्हें घर के आसपास हल्की-फुल्की आवाजें सुनाई दीं, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य समझकर अनदेखा कर दिया. कुछ देर बाद आवाजें बढ़ने पर उन्हें शक हुआ और वे बाहर निकले.
जैसे ही वे बाहर आए, घर में पहले से मौजूद युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और रस्सी से बांध दिया. चोरों ने अख्तर अली को चाकू मारने की धमकी दी और कहा कि अगर उन्होंने शोर मचाया तो जान से मार देंगे. डर और असहाय स्थिति में अख्तर अली ने कोई विरोध नहीं किया. इसके बाद चोरों ने घर में रखे गहने और अन्य कीमती सामान समेट लिया और फरार हो गए.
सुबह होने पर अख्तर अली ने किसी तरह अपने परिवार वालों को फोन कर चोरी की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य घर पहुंचे और घटना की पुष्टि हुई. घर का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी से गहने व अन्य सामान गायब थे.
पीड़ित परिवार ने एक परिचित युवक पर शक जताया है. उनका कहना है कि घटना से एक दिन पहले वही युवक रात में चार बार घर का ताला तोड़ने की कोशिश कर चुका था. पूछने पर वह मौके से भाग गया था. इसी आधार पर परिवार को आशंका है कि चोरी की वारदात में उसी युवक की भूमिका हो सकती है.
परिवार के अनुसार चोरी में करीब 50 हजार रुपये के गहने और अन्य सामान गायब हुए हैं. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच जारी है.

