
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर ने अपनी ग्रासरूट फुटबॉल यात्रा में एक नया उत्साहजनक अध्याय जोड़ा, जब जमशेदपुर एफसी द्वारा जमशेदपुर सुपर लीग के हिस्से के रूप में आयोजित गर्ल्स लीग की शुरुआत मजबूत भागीदारी और सामुदायिक समर्थन के साथ हुई. लीग में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, प्रत्येक टीम में 10 खिलाड़ी पंजीकृत हैं, जो शहर और आसपास के क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर महिला फुटबॉल में बढ़ती दिलचस्पी का संकेत है.
यह लीग युवा लड़कियों को एक संरचित एवं प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है, ऐसे समय में जब उनके लिए नियमित लीग अभी भी सीमित हैं. कई प्रतिभागियों के लिए यह टूर्नामेंट सिर्फ परिणामों से आगे बढ़कर पहचान, आत्मविश्वास और संगठित माहौल में अपने पसंदीदा खेल को खेलने के अवसर से जुड़ा है. परिवार, कोच और स्थानीय समुदाय मैचों के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद रहते हैं, जिससे हर मैच दिवस फुटबॉल के सामूहिक उत्सव में बदल जाता है.
सरजामदा की खिलाड़ी लक्ष्मी मार्डी ने इस पहल के व्यापक सामाजिक प्रभाव पर जोर देते हुए कहा, “हमारे समुदाय की लड़कियों के लिए इस तरह के मौके बहुत कम मिलते हैं. इस लीग में खेलने से हमें आत्मविश्वास मिलता है और हमारे परिवार भी फुटबॉल के करीब आते हैं. जब माता-पिता देखने आते हैं, तो ऐसा लगता है कि पूरा समुदाय हमारा समर्थन कर रहा है.”
आरकेएमएस की सृष्टि सिंह ने भी गर्ल्स लीग को शहर की महत्वाकांक्षी फुटबॉलरों के लिए बेहद जरूरी मंच बताया. उन्होंने कहा, “जमशेदपुर में शायद ही कोई नियमित लड़कियों की लीग होती है. यह लीग हमें खेलने, सीखने और बड़े सपने देखने का मौका देती है. मैचों के दौरान मिलने वाला सामुदायिक समर्थन हमें महत्वपूर्ण महसूस कराता है और ज्यादा लड़कियों को फुटबॉल से जुड़ने के लिए प्रेरित करता है.”
इस पहल पर बोलते हुए, जमशेदपुर एफसी के ग्रासरूट्स प्रमुख कुंदन चंद्र ने कहा कि गर्ल्स लीग क्लब के समावेशी विकास के दीर्घकालिक विजन को दर्शाती है. उन्होंने कहा, “लड़कियों के लिए नियमित और संरचित प्रतियोगिताएं बनाना, खेल में उनकी रुचि बनाए रखने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. जब समुदाय ऐसी लीगों के आसपास एकजुट होते हैं, तो यह लड़कियों के फुटबॉल खेलने को सामान्य बनाता है और मजबूत खेल संस्कृति के निर्माण में मदद करता है.”

