
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा स्थित एक फॉर्म हाउस में शराब पार्टी के दौरान पुलिस ने अमरनाथ सिंह गिरोह से जुड़े छह सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में चार युवक और दो युवतियां शामिल हैं, जो लंबे समय से मानगो, उलीडीह और एमजीएम थाना क्षेत्र में कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की फिराक में थे.
गिरफ्तार अभियुक्तों में उलीडीह शंकोसाइ निवासी अंकित शर्मा (34), अनिल कुमार (36), भोला कुमार उर्फ रवि कुमार (32), एमजीएम थाना क्षेत्र के योगेन्द्र कुमार प्रसाद (35), मानगो गुरुद्वारा रोड की रहने वाली माया कौर उर्फ निशा और सिदगोड़ा बारीडीह बस्ती की सीता देवी शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से एक अवैध देशी पिस्तौल, जिंदा गोली, एक बाइक, एक कार और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
इस संबंध में एमजीएम थाना क्षेत्र के पुलिस अधिकारी सचिन कुमार दास ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर पूरे मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तुरियाबेड़ा फॉर्म हाउस में कुछ अपराधी शराब पार्टी के नाम पर एकत्रित हैं और किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने फॉर्म हाउस पर छापेमारी की और सभी छह आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी अमरनाथ सिंह गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और मानगो, उलीडीह व एमजीएम थाना क्षेत्र के कारोबारियों से रंगदारी मांगने की तैयारी में थे. ये लोग कारोबारियों के बीच भय, गुंडागर्दी और दहशत का माहौल बनाकर अवैध वसूली करते थे. जांच में यह भी सामने आया है कि अंकित शर्मा, अनिल कुमार और योगेन्द्र कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं.
पुलिस ने बताया कि समय रहते इस गिरोह की योजना को विफल कर दिया गया है, जिससे इलाके में किसी बड़ी आपराधिक घटना को रोका जा सका. फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी अभियान जारी है. पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध और रंगदारी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

