
उदित वाणी, धनबाद : धनबाद के बारमसिया क्षेत्र में दूसरी शादी करना एक शादीशुदा व्यक्ति को भारी पड़ गया. युवक की पहली शादी पहले से ही हो चुकी थी, लेकिन उसने यह बात छिपाकर दूसरी शादी कर ली. दूसरी पत्नी के परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने कथित तौर पर युवक की जमकर पिटाई कर दी. पूरा घटनाक्रम का एक Video सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार, जिसकी पिटाई की जा रही है वह धनबाद के हटिया क्षेत्र में एक Grocery Store चलाता है. आरोप है कि युवक ने खुद को कुंवारा या अविवाहित बताकर दूसरी शादी की. शादी के बाद किसी तरह दूसरी दुल्हन के घरवालों को यह मालूम हुआ कि आरोपी पहले से शादीशुदा है. इसी के बाद गुस्साए परिजनों ने युवक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी.
वायरल Video में देखा जा सकता है कि मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव की कोशिश करते हैं, लेकिन आक्रोशित परिजन युवक को लगातार पीटते नजर आते हैं. बताया जा रहा है कि दूसरी पत्नी के घरवालों ने युवक पर धोखा देने और उसकी असली शादीशुदा स्थिति छिपाने का आरोप लगाया है.
घटना के संबंध में स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल बना हुआ है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पीड़ित या किसी पक्ष द्वारा पुलिस में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई है या नहीं.

