
उदित वाणी, आदित्यपुर : श्रीनाथ पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर में शनिवार को भव्य शीतकालीन कार्निवल का आयोजन किया गया. विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां छात्रों ने नृत्य, संगीत, नाटक, गायन जैसे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए.
कार्निवल में फन गेम्स, हस्तकला, लॉलीपॉप लाइब्रेरी, डीप नो स्नीप चैलेंज, गेट रेडी टू स्कूल, बैलून बूम बूम बोनांजा, वेस्ट टू वंडर, रिदमिक रेबारी तथा द साइलेंट कुक जैसी रोमांचक खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं. मनोरंजन से जुड़े अनेक स्टॉल भी लगाए गए, जिनका छात्रों ने खूब आनंद लिया.

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि किड्जी क्रिएटिव क्लब, सीएच एरिया की प्रधानाचार्य चित्रा मुखर्जी ने किया. विशिष्ट अतिथियों में बॉलीवुड अभिनेता राहुल रॉय, जॉलीवुड अभिनेता व गायक नीतीश कच्छप तथा फ्लेमिंग आर्ट अकादमी की डायरेक्टर सुमन प्रसाद शामिल रहीं.
श्रीनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति सुखदेव महतो, प्रबंधन समिति सदस्य अनिता महतो, अकादमिक निदेशक दिलीप कुमार महतो तथा प्रधानाचार्य संजय कुमार सिंह सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. आगंतुक अतिथियों ने विजेताओं को प्रमाण-पत्र भेंट कर पुरस्कृत किया.
मुख्य अतिथि ने संबोधन में कहा कि पठन-पाठन के साथ रचनात्मक कार्यक्रम छात्रों में आत्मविश्वास व सहभागिता बढ़ाते हैं. धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य संजय कुमार सिंह ने किया.

