
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवनगर आश्रम के पास विगत दो और तीन दिसंबर की मध्यरात्रि अज्ञात अपराधियों ने शेखर सांडील नामक युवक की निर्मम हत्या कर दी थी. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और परिजनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था.
पुलिस द्वारा लगातार की जा रही छापेमारी और दबिश के दबाव में आकर इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी राहुल सिंह ने 9 दिसंबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. इसके बाद पुलिस ने राहुल सिंह के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर उसके दो अन्य साथियों संजय पाल और संतोष कर्मकार को भी गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

पुलिस के अनुसार मृतक शेखर सांडील और मुख्य आरोपी राहुल सिंह एक-दूसरे के पड़ोसी थे और दोनों के बीच लंबे समय से पुराना विवाद चला आ रहा था. आपसी रंजिश समय के साथ बढ़ती चली गई और अंततः इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. राहुल सिंह ने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर शेखर सांडील की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया.
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है. पुलिस का कहना है कि हत्या पूरी तरह पूर्व नियोजित थी और आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए थे.
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है. मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस हत्याकांड में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है.

