
जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम : उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी, आईएएस की अध्यक्षता में शनिवार को जिले के विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु एक बैठक आयोजित की गई. बैठक में उप नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी), मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद एवं चाकुलिया नगर पंचायत के पदाधिकारी उपस्थित थे.
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी शहरी निकायों में संचालित योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी परियोजनाओं का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण होना चाहिए. उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करने एवं प्रभावी निगरानी पर जोर दिया, ताकि जनहित की योजनाएं पारदर्शी रूप से और शीघ्रता से लाभार्थियों तक पहुंच सकें.
बैठक में बिरसानगर प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) आवास परियोजना की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस परियोजना में पेयजल, स्वच्छता, विद्युत, सड़क, नाली जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े.
शीतकालीन मौसम को देखते हुए उपायुक्त ने शहर के रैन बसेरों के सुचारु संचालन एवं अलाव व्यवस्था को लेकर भी निर्देश जारी किए. उन्होंने कहा कि सभी रैन बसेरों में स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल एवं सुरक्षा सुनिश्चित हो तथा ठंड से बचाव हेतु चिन्हित स्थलों पर नियमित रूप से अलाव जलाए जाएं.
उन्होंने सभी शहरी निकायों को निर्देश दिया कि शीतकालीन व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग की जाए, किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और जरूरतमंदों को समय पर राहत पहुंचाई जाए. बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने उपायुक्त के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करने का आश्वासन दिया.

