
उदित वाणी, कोलाबीरा : गम्हरिया थाना क्षेत्र के टायो गेट संथाल सरना उमूल के पास शुक्रवार सुबह मुख्य मार्ग पर बाइक और स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में स्कूटी सवार एक महिला और उसकी बेटी घायल हो गईं.
घटना के तुरंत बाद झामुमो प्रखंड अध्यक्ष भोमरा माझी, उदय मार्डी, गोम्हा हांसदा और उत्तम दास मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर बैठाया. साथ ही उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने जा रही थी, तभी पीछे से आ रही एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दोनों स्कूटी सवार सड़क पर गिरकर चोटिल हो गईं. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

